Saturday, July 18, 2026
Homeझारखंडनवोदय विद्यालय में छात्र की पिटाई पर बवाल, छह छात्रों पर एफआईआर

नवोदय विद्यालय में छात्र की पिटाई पर बवाल, छह छात्रों पर एफआईआर

धनबाद । धनबाद के निरसा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागड़िया में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को विद्यालय के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय प्रबंधन पर छात्रों की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और विद्यालय के प्राचार्य को निलंबित करने की मांग की।

अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में पहले भी एक छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था, लेकिन उस घटना को सामान्य बताकर दबाने का प्रयास किया गया। अब छात्र के साथ बेल्ट से मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उपायुक्त (डीसी) स्वयं मौके पर आकर कार्रवाई का आश्वासन नहीं देंगे, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। कई अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर अपने बच्चों का नामांकन वापस लेने की भी बात कही।

सूचना मिलने पर निरसा के बीडीओ इंद्र लाल ओहदार, एसडीपीओ लीलेश्वर महतो और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मारपीट की घटना में शामिल सभी छात्रों को विद्यालय से निष्कासित कर घर भेज दिया गया है तथा उनका स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है।

एसडीपीओ लीलेश्वर महतो ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर छह छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में रैगिंग की पुष्टि नहीं हुई है। उनके अनुसार छात्रों के बीच किसी खेल से जुड़े पैसों के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विद्यालय के बाहर देर शाम तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे रही।

—————

RELATED ARTICLES

Most Popular