धनबाद: जिले के कतरास थाना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंको लालचक इलाके में जंगल के बीच पिछले करीब दो महीने से एक कथित अवैध कोयला डिपो संचालित किया जा रहा है, जहां बड़े पैमाने पर कोयले का भंडारण और कारोबार हो रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाघमारा अनुमंडल के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों से कथित तौर पर अवैध तरीके से निकाला गया कोयला मिनी हाइवा, पिकअप वाहनों और बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलों के जरिए इस डिपो तक पहुंचाया जा रहा है। आरोप यह भी है कि डिपो में केवल कोयले का भंडारण नहीं किया जा रहा, बल्कि यहां कोयले को जलाकर पोड़ा कोयला तैयार करने का काम भी किया जा रहा है। इसके बाद तैयार कोयले को दूसरे इलाकों में भेजे जाने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कथित डिपो माइनिंग क्षेत्र से बाहर जंगल के इलाके में संचालित हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि यहां इतने बड़े पैमाने पर कोयले का आवागमन, भंडारण और कथित रूप से प्रसंस्करण हो रहा है, तो संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की नजर अब तक इस गतिविधि पर क्यों नहीं पड़ी। मामला सामने आने के बाद अब प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यहां हो रही गतिविधियां वैध हैं या अवैध और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इस कथित कारोबार के पीछे किन लोगों की भूमिका है।
