नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित तमाम नेताओं ने शनिवार को विजय दिवस के अवसर पर वीर नायकों का स्मरण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जहां एक्स पर संदेश पोस्ट किए वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना स्टाफ प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और वायु सेना उप प्रमुख एयर मार्शल एपी सिंह ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि राष्ट्र 1971 के युद्ध के दौरान हमारे सशस्त्र बलों द्वारा किए गए निस्वार्थ बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक याद करता है। विजय दिवस पर, मैं उन बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं जिन्होंने अद्वितीय साहस दिखाया और ऐतिहासिक जीत हासिल की।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “विजय दिवस पर, हम अपने सैनिकों के अटूट साहस का सम्मान करते हैं जो देश की संप्रभुता की रक्षा करते हैं और मानवीय गरिमा को बनाए रखते हैं। 1971 के युद्ध के दौरान उनके बलिदान ने हमारे सशस्त्र बलों के अद्वितीय दृढ़ संकल्प और असाधारण कौशल को प्रदर्शित किया। राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।”
