Thursday, February 12, 2026
Homeखबर स्तम्भदुबई में फंसे झारखंड के मजदूर सुरक्षित, जल्द लौटेंगे स्वदेश: स्वास्थ्य मंत्री...

दुबई में फंसे झारखंड के मजदूर सुरक्षित, जल्द लौटेंगे स्वदेश: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

एक्स पर वीडियो साझा कर बोले स्वास्थ्य मंत्री—घबराने की जरूरत नहीं, सरकार पूरी तरह सक्रिय

 Highlights

  • दुबई में फंसे गिरिडीह और हजारीबाग के मजदूर सुरक्षित
  • स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वीडियो जारी कर दी जानकारी
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लगातार संपर्क में मंत्री
  • 1–2 दिन में स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पूरी होने का दावा
  • दुबई में मौजूद झारखंडी सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय

विस्तार

रांची- दुबई में फंसे झारखंड के मजदूरों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बड़ी राहत भरी जानकारी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि दुबई में फंसे गिरिडीह और हजारीबाग जिले के सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द ही भारत वापस लाया जाएगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जैसे ही उन्हें मजदूरों के दुबई में फंसे होने की सूचना मिली, वे व्यक्तिगत रूप से चिंतित हो गए थे। मजदूरों के परिजन लगातार उनसे संपर्क कर रहे थे और एक ही गुहार लगा रहे थे—
“मंत्री जी, हमारे बच्चों को सुरक्षित वापस ले आइए।”

दुबई में मौजूद झारखंडी लोगों ने संभाला मोर्चा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दुबई में रहने वाले झारखंड के सामाजिक कार्यकर्ता जाहिद ने तुरंत सक्रिय होकर मजदूरों का पता लगाया और मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति से अवगत कराया। डॉ. अंसारी ने कहा “जाहिद ने कहा कि उन्होंने झारखंड और देश के लोगों की सेवा का जज़्बा मुझसे सीखा है। यह सुनकर मुझे गर्व हुआ।” जाहिद के मौके पर पहुंचते ही मजदूरों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मजदूरों को हर संभव सहायता दी जाए और किसी भी तरह की चिंता न की जाए।

पासपोर्ट जमा, स्वदेश वापसी की प्रक्रिया शुरू

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि उन्होंने मजदूरों से सीधी बातचीत की है और उन्हें तुरंत पासपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।  उन्होंने कहा कि “मेरे निर्देश पर मौके पर मौजूद लोग पूरी निगरानी कर रहे हैं। सभी मजदूर सुरक्षित हैं और जल्द स्वदेश लौटेंगे।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लगातार संपर्क

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लगातार संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री से बात कर यह सुनिश्चित किया गया है कि एक-दो दिन के भीतर सभी मजदूरों को सुरक्षित झारखंड वापस लाया जाएगा। उन्होंने झारखंड के सभी परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा “आपके बच्चे सुरक्षित हैं। हमारी सरकार और हमारे लोग हर जगह आपके साथ खड़े हैं।”

विपक्ष पर भी साधा निशाना

डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि “कुछ लोग दूर बैठकर सिर्फ बयानबाज़ी करते हैं। हम बोलते नहीं, ज़मीन पर उतरकर काम करते हैं।”  उन्होंने कहा कि झारखंड, भारत या विदेश जहां भी जरूरत पड़े, झारखंड सरकार और उसके कार्यकर्ता इंसानियत और ईमानदारी के साथ सेवा करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular