Highlights
- पटना के सीवी रमन हॉस्टल में देर रात बमबाजी और फायरिंग
- दो छात्र घायल, पीएमसीएच में इलाज जारी
- छेड़खानी की घटना से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
- हॉस्टल परिसर में तोड़फोड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त
- सुलतानगंज थाना पुलिस जांच में जुटी
पटना में हॉस्टलों से जुड़ी घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। हाल ही में अलग-अलग हॉस्टलों से छात्राओं के शव मिलने के बाद अब राजधानी एक बार फिर हिंसा से दहल गई है। मंगलवार देर रात सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित सीवी रमन हॉस्टल में बमबाजी और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में हॉस्टल में रहने वाले दो छात्र घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
छेड़खानी की घटना से भड़का विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला एक युवती से छेड़खानी की घटना से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि कृष्ण घाट इलाके में एक लड़की से छेड़खानी के बाद छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि देर रात बदमाशों ने सीवी रमन हॉस्टल को निशाना बनाते हुए दो बम फेंके और कई राउंड फायरिंग कर दी।
धमाकों से मची अफरा-तफरी
बम धमाकों की आवाज से पूरे हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। धमाके के कारण खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि गोलियों और बम के निशान दीवारों और कमरों में साफ नजर आए। गोलीबारी के दौरान छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। हॉस्टल परिसर में खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
दो छात्रों को लगे बम के छर्रे
घटना में हॉस्टल के दो छात्रों को बम के छर्रे लगे हैं। दोनों को तत्काल पीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वे मानसिक रूप से गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने क्या कहा
सुलतानगंज थाना के सब-इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया-
“कृष्ण घाट में छेड़खानी की घटना के बाद छात्रों के गुटों में विवाद हुआ। इसी विवाद के दौरान सीवी रमन हॉस्टल में दो बम फेंके गए और गोलियां चलाई गईं। दो छात्र घायल हुए हैं, जिनका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”
डरे हुए छात्र, बढ़ी अभिभावकों की चिंता
लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के कारण हॉस्टल में रहने वाले छात्र भयभीत हैं। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। छात्र संगठनों ने प्रशासन से हॉस्टल इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा, गश्त बढ़ाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पहले की घटनाओं से जुड़ रहा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले भी पटना के विभिन्न हॉस्टलों में गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। छात्राओं की मौत के बाद अब यह बमबाजी और फायरिंग की घटना राजधानी की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
