Friday, February 13, 2026
Homeखबर स्तम्भ‘एनडीए को भी संभालना है’, पीएम मोदी ने नितिन नवीन को सौंपी...

‘एनडीए को भी संभालना है’, पीएम मोदी ने नितिन नवीन को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा को मिला युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा मुख्यालय में ऐतिहासिक एलान, पीएम मोदी बोले— “मैं कार्यकर्ता हूं, नितिन नवीन मेरे बॉस हैं”

Highlights 

  • नितिन नवीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • पीएम मोदी की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में आधिकारिक घोषणा
  • पीएम मोदी बोले— भाजपा ही नहीं, एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय की जिम्मेदारी
  • जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत दिग्गज नेता मंच पर मौजूद
  • नितिन नवीन को Z श्रेणी की सुरक्षा, CRPF को जिम्मेदारी
  • 45 वर्षीय नितिन नवीन— पांच बार विधायक, पूर्व मंत्री, संगठन में लंबा अनुभव

विस्तार

नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। नितिन नवीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उनके नाम का औपचारिक एलान किया गया। नितिन नवीन निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा “नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी घटक दलों के साथ समन्वय भी बनाना है। उन्होंने अब तक खुद को साबित किया है।”

‘आने वाले 25 साल निर्णायक’— पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। “विकसित भारत का निर्माण तय है। भाजपा का संगठन पर्व हमारे कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक है। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।”

पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए कहा “मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री रहा हूं, लेकिन सबसे पहले भाजपा का कार्यकर्ता हूं। आज मैं कह सकता हूं— मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।”

जेपी नड्डा बोले— ऐतिहासिक क्षण

पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा “नितिन नवीन मूलतः कार्यकर्ता हैं, वैचारिक रूप से परिपक्व हैं और कम उम्र में पांच बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए और राष्ट्रीय युवा मोर्चा में पूरे देश का अनुभव प्राप्त किया है।”

युवा नेतृत्व पर जोर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा “45 वर्षीय युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने युवाओं को बड़ा संदेश दिया है। एक तरफ भाजपा है, दूसरी तरफ परिवारवादी पार्टियां। नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा और मजबूत होगी।”

Z श्रेणी की सुरक्षा

भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नवीन को केंद्र सरकार द्वारा Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। CRPF का VIP सुरक्षा विंग उनकी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।

भाजपा मुख्यालय में जुटे दिग्गज

इस अवसर पर मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

निर्विरोध चयन

नितिन नवीन भाजपा अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। पीएम मोदी उनके प्रस्तावक बने। किसी अन्य नामांकन के न आने से वे निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular