नई दिल्ली में आयोजित चुनाव कार्यक्रम में भाजपा नेतृत्व की मौजूदगी, संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का जताया भरोसा
Highlights
- भाजपा के ‘संगठन पर्व’ के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न
- झारखंड भाजपा प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने की सहभागिता
- नितिन नवीन के सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर दी शुभकामनाएं
- संगठनात्मक मजबूती, अंत्योदय और ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ पर जोर
- कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा व जनकल्याण के लिए समर्पित रहने का संदेश
विस्तार
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने आज नई दिल्ली में आयोजित भाजपा के ‘संगठन पर्व’ के अंतर्गत संपन्न हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन नवीन का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति उनकी गहरी समझ और कार्यकर्ताओं के साथ सशक्त संवाद पार्टी को आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा नेतृत्व और कार्यकर्ता—दोनों के समन्वय से लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में तथा नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की युवा ऊर्जा, दृढ़ संकल्प और संगठनात्मक क्षमता के बल पर भारतीय जनता पार्टी ‘अंत्योदय’ और ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के मूल मंत्र के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होकर देश के विकास, सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के लक्ष्यों को नई गति देगी।
