कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान रेमल रविवार रात पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय क्षेत्रों में लैंड फॉल कर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज सुबह बताया है कि दक्षिण 24 परगना के सगरद्वीप और बांग्लादेश के खेपूपाड़ा कोस्ट के बीच चक्रवात ने लैंडफॉल किया है।
उस समय इसकी गति 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इसके प्रभाव से रात भर तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई है। समुद्र तटीय जिलों उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली और कोलकाता में जमकर बारिश हुई है। यह सिलसिला आज अपराह्न तक जारी रहने वाली है। विभाग ने आज भी भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। फिलहाल हवाई और रेल सेवाएं बंद हैं।
