चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र में CRPF, कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, इलाका सील
Highlights :
- सारंडा के घने जंगल में गुरुवार सुबह मुठभेड़
- सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की मिली थी गुप्त सूचना
- CRPF, कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- शुरुआती रिपोर्ट में कई माओवादियों के मारे जाने की आशंका
- ऑपरेशन जारी, इलाके में अतिरिक्त बल तैनात
विस्तार:
झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ होने की सूचना है। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई, जहां दोनों ओर से भारी गोलीबारी की खबरें सामने आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को सारंडा के जंगली इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में कई माओवादियों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी भेजा गया है। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा करने की बात कह रही हैं। सारंडा जंगल में चल रहा यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ अब तक के बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है।

