Wednesday, June 24, 2026
Homeखबर स्तम्भनशा मुक्ति के लिए गिरिडीह नगर निगम की जागरूकता रैली, नशामुक्त समाज...

नशा मुक्ति के लिए गिरिडीह नगर निगम की जागरूकता रैली, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

महापौर प्रमिला मेहरा और नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की

हाइलाइट्स

  • गिरिडीह नगर निगम ने निकाली नशा मुक्ति जागरूकता रैली
  • महापौर प्रमिला मेहरा और नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ रहे मौजूद
  • बड़ा चौक, शिव मोहल्ला और बस स्टैंड रोड से होकर गुजरी रैली
  • लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और उपचार सुविधाओं की दी गई जानकारी
  • नशामुक्त गिरिडीह और नशामुक्त झारखंड बनाने का लिया संकल्प

खबर विस्तार

झारखंड सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत बुधवार को गिरिडीह नगर निगम द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।

इस जागरूकता रैली में नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, उप नगर आयुक्त अब्दुल आलम, नगर मिशन प्रबंधक सुमित कुमार घोष, कंप्यूटर ऑपरेटर आनंद शर्मा, अर्बन प्लानर मंजूर आलम समेत निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और DAY-NULM की सामुदायिक संसाधन सेविकाएं शामिल हुईं।

रैली नगर निगम परिसर से शुरू होकर बड़ा चौक, शिव मोहल्ला और बस स्टैंड रोड होते हुए पुनः नगर निगम परिसर में आकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने शहरवासियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

रैली में लगाए गए बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए घातक है। साथ ही सरकार द्वारा नशा मुक्ति के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन और उपचार सुविधाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई।

इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा और नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त गिरिडीह, नशामुक्त झारखंड” बनाने का संकल्प लिया और समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular