Saturday, April 11, 2026
Homeखबर स्तम्भगिरिडीह में झामुमो कार्यालय में मनाई गई सिद्धो-कान्हू जयंती, वीर शहीदों को...

गिरिडीह में झामुमो कार्यालय में मनाई गई सिद्धो-कान्हू जयंती, वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

झामुमो कार्यकर्ताओं ने वीर सपूतों के बलिदान को किया नमन, नए सदस्यों ने थामा पार्टी का दामन

Highlights:

👉 झामुमो जिला कार्यालय में मनाई गई जयंती
👉 सिद्धो-कान्हू के चित्र पर माल्यार्पण
👉 जल, जंगल, जमीन की रक्षा को बताया प्रेरणा
👉 युवाओं से इतिहास से सीखने की अपील
👉 कार्यक्रम के बाद कई लोगों ने ली पार्टी सदस्यता

विस्तार

गिरिडीह स्थित झामुमो जिला कार्यालय में हूल क्रांति के महानायक अमर शहीद सिद्धो और कान्हू की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो नगर अध्यक्ष राकेश सिंह रॉकी ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

नगर अध्यक्ष राकेश सिंह रॉकी ने कहा कि सिद्धो-कान्हू केवल नाम नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ उनका संघर्ष आज भी समाज को प्रेरित करता है।

कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसने अंग्रेजों की नींव हिला दी थी। उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास को जानने और अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

प्रधान मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि सिद्धो-कान्हू का सपना शोषणमुक्त समाज का था और उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

कार्यक्रम में अभय सिंह, दिलीप रजक, मो. जाकिर, अनवर अंसारी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सिहोडीह निवासी प्रमोद स्वर्णकार, मोहन स्वर्णकार और विनोद स्वर्णकार ने झामुमो की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular