Thursday, March 5, 2026
Homeखबर स्तम्भक्या राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार? बिहार की राजनीति में हलचल तेज, नए...

क्या राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार? बिहार की राजनीति में हलचल तेज, नए सीएम और निशांत की एंट्री पर चर्चा

जदयू नेता विजय कुमार चौधरी बोले—राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे मुख्यमंत्री; नामांकन के अंतिम दिन तस्वीर हो सकती है साफ

Highlights

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा तेज
  • जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा—विकल्प पर विचार चल रहा
  • राज्यसभा नामांकन के अंतिम दिन साफ हो सकती है तस्वीर
  • निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री की संभावना
  • बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर भी अटकलें तेज
  • बीजेपी नेताओं के नाम भी चर्चा में

विस्तार

पटना- बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावनाओं को लेकर अटकलों का दौर जारी है। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन इस पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकती है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार यदि नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख करते हैं तो राज्य की सत्ता संरचना में बड़ा बदलाव संभव है। ऐसी स्थिति में बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

विजय कुमार चौधरी का बड़ा बयान

जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। उनका यह बयान राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन की समयसीमा समाप्त होने से ठीक पहले आया है।जब संवाददाताओं ने पूछा कि क्या हाल ही में 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं, तो चौधरी ने कहा “इस पर बातचीत चल रही है, अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री ही लेंगे।”

 निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री

विजय कुमार चौधरी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगे। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं तो उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि निशांत कुमार को सरकार या संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।

राज्यसभा नामांकन पर नजर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नीतीश कुमार 5 मार्च को सुबह 11:30 बजे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं और नामांकन का अंतिम दिन भी नजदीक है।

नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं

अगर नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख करते हैं, तो बिहार की राजनीति में नए मुख्यमंत्री को लेकर हलचल और तेज हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि ऐसी स्थिति में राज्य की कमान बीजेपी के हाथों में जा सकती है और अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से हो सकता है। पार्टी के जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल और नित्यानंद राय प्रमुख रूप से शामिल हैं। हालांकि इन नामों के अलावा भी कुछ अन्य नेताओं को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन की रणनीति पर ही निर्भर करेगा।

 बदल सकती है बीजेपी-जदयू की भूमिका

यदि नीतीश कुमार राज्यसभा चले जाते हैं तो बिहार में बीजेपी और जदयू की भूमिका बदल सकती है। वर्तमान में नीतीश सरकार में बीजेपी कोटे से दो उपमुख्यमंत्री हैं। लेकिन यदि बीजेपी का मुख्यमंत्री बनता है तो नई सरकार में जदयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इन संभावित नामों में निशांत कुमार का नाम भी चर्चा में है।

निशांत को सीएम बनाने की भी मांग

उधर जदयू के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उठने लगी है। हालांकि कई लोग मानते हैं कि राजनीति में एंट्री के बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री पद देकर अनुभव देने का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।

दो दशक से बिहार की राजनीति के केंद्र में नीतीश

नीतीश कुमार पिछले दो दशकों से बिहार की राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उन्हें सुशासन की राजनीति का चेहरा माना जाता है और लंबे समय से राज्य की सत्ता में उनकी भूमिका निर्णायक रही है। अब राज्यसभा की चर्चा के साथ बिहार की सियासत में नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना भी दिखाई दे रही है।

विपक्ष भी रखे हुए है नजर

विपक्षी दल भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और इसे बिहार की राजनीति में संभावित बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जदयू और एनडीए नेतृत्व इस मुद्दे पर क्या अंतिम फैसला लेते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular