जराईकेला थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान मिला विस्फोटक; बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही किया डिफ्यूज
Highlights
- पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को मिला IED
- एदेलबेरा से बाबुडेरा जाने वाली सड़क के किनारे मिला विस्फोटक
- बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से किया निष्क्रिय
- हालिया मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की साजिश की आशंका
- पूरे इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन तेज
विस्तार
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया। जराईकेला थाना क्षेत्र के एदेलबेरा से बाबुडेरा जाने वाली सड़क के किनारे सुरक्षा बलों को तलाशी अभियान के दौरान एक शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) मिला। सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बम निरोधक दस्ते की मदद से उसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कोलबोंगा के जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। आशंका है कि सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने इस आईईडी को सड़क किनारे लगाया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और जंगलों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 31 मार्च तक नक्सल गतिविधियों पर निर्णायक कार्रवाई की समय-सीमा तय की है। इसी के तहत सारंडा के जंगलों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सरकार की ओर से नक्सलियों से अपील की जा रही है कि वे आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में लौट आएं।
