बिहार में जश्न का माहौल, रक्तदान शिविर से लेकर 75 किलो के केक तक आयोजन
विस्तार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, सामाजिक कार्यक्रम और केक काटकर जन्मदिन मनाया जा रहा है।
पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी जताई। केक के साथ संतरा और लड्डू सजाए गए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बच्चे मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी।
उन्होंने लिखा “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने पिछले कई वर्षों से बिहार की प्रगति के लिए निरंतर कार्य किया है। उनकी दूरदृष्टि और विकास योजनाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। ईश्वर से उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।”
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने X पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा
“बिहार के विकास पुरुष, सुशासन बाबू, जन-जन के प्रिय नेता माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से उनके जन्मदिवस के अवसर पर मिलकर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रभु से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें।”
पूरे बिहार में कार्यक्रम
राज्य के कई हिस्सों में 75 किलो का केक काटा गया, तो कहीं गरीबों के बीच भोजन वितरण और रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं और उनके समर्थक इस दिन को विशेष उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
