यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष व्यवस्था; जरूरत पड़ने पर और ट्रेनें चलाई जाएंगी
Highlights
- होली के मद्देनज़र 1244 विशेष ट्रेन यात्राएं संचालित
- 18 मार्च तक चलेगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन
- पूर्वी मध्य रेलवे सबसे आगे, 50 स्पेशल ट्रेनें
- उत्तरी रेलवे 204 और मध्य रेलवे 129 यात्राएं संचालित करेगा
- मांग बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी

विस्तार
नई दिल्ली- होली के त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। रेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि 18 मार्च तक देशभर में कुल 1244 विशेष ट्रेन यात्राएं संचालित की जाएंगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, त्योहार के समय यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। यदि यात्रियों की मांग और बढ़ती है, तो विशेष ट्रेन सेवाओं की संख्या में और इजाफा किया जा सकता है।
किन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें?
ये विशेष ट्रेन सेवाएं देश के प्रमुख शहरों, विभिन्न राज्यों की राजधानियों और महत्वपूर्ण क्षेत्रीय केंद्रों को आपस में जोड़ेंगी, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ी हुई यात्रियों की मांग को संतुलित किया जा सके। रेलवे का मुख्य उद्देश्य यह है कि अधिक से अधिक यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराई जा सके, नियमित ट्रेनों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम किया जा सके और त्योहार के समय यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके। रेलवे का कहना है कि इन अतिरिक्त सेवाओं से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी।
ज़ोनवार संचालन का ब्यौरा
रेल मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार होली के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विभिन्न रेलवे जोनों में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। पूर्वी मध्य रेलवे में 50 होली स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से कुल 275 यात्राएं निर्धारित की गई हैं। उत्तरी रेलवे ने 48 स्पेशल ट्रेनों के जरिए 204 यात्राओं की व्यवस्था की है। वहीं मध्य रेलवे 20 स्पेशल ट्रेनों के साथ 129 यात्राएं संचालित करेगा। पश्चिमी रेलवे की ओर से 32 स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से 120 यात्राएं चलाई जाएंगी, जबकि दक्षिण पूर्वी रेलवे में 28 स्पेशल ट्रेनों के जरिए 107 यात्राओं का संचालन किया जाएगा। रेलवे का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से त्योहार के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव कम होगा। इनके अलावा अन्य जोनों में भी आवश्यकतानुसार स्पेशल सेवाएं चलाई जा रही हैं।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा
त्योहार के मद्देनज़र रेलवे ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियों का दावा किया है। रेलवे के अनुसार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं, ताकि प्रतीक्षा सूची कम हो और अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके। प्रमुख और संवेदनशील स्टेशनों पर विशेष भीड़ नियंत्रण व्यवस्था लागू की गई है, वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके साथ ही टिकट जांच प्रक्रिया और प्लेटफॉर्म प्रबंधन को भी सुदृढ़ किया गया है, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके। रेलवे का कहना है कि इन समन्वित व्यवस्थाओं के जरिए यात्रियों को त्योहार के दौरान सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।