चुरचू प्रखंड में देर रात घर पर हमला, दहशत के बीच धारा 163 लागू
Highlights :
- जंगली हाथियों का फिर हमला
- सो रही महिला को कुचलकर मार डाला
- पति गंभीर रूप से घायल
- दो दिन में 7 लोगों की मौत
- इलाके में भय और तनाव
- प्रशासन ने धारा 163 लागू की
- डीसी ने की उच्च स्तरीय बैठक
विस्तार :
हजारीबाग। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में हाथियों के झुंड ने दो लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बीते दो दिनों में हाथी हमलों में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी डर व्याप्त है।
देर रात घर पर बोला हमला
घटना देर शाम करीब 9 बजे की है, जब पांच हाथियों का झुंड चुरचू प्रखंड के बेहरा पंचायत अंतर्गत कजरी के भुरकुंडा टोला में घुस आया। हाथियों ने एक कच्चे घर को निशाना बनाया, जहां महिला सो रही थी।
महिला की मौके पर मौत
हमले में महिला फुल मनी देवी को हाथियों ने कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पति भी हुआ घायल
महिला के पति राजेश मुर्मू पीछे के रास्ते से भागकर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हाथी ने उन्हें भी चपेट में ले लिया। वे गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
धारा 163 लागू
सदर एसडीओ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि चुरचू प्रखंड अंतर्गत गोंदवार क्षेत्र में हाथी हमले की यह अत्यंत दुखद घटना है, जिसमें अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। भीड़ जुटने की सूचना को देखते हुए क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है।
हालांकि-
- शव यात्रा
- शादी-विवाह
- अन्य आवश्यक सामाजिक कार्य
को निषेधाज्ञा से मुक्त रखा गया है। यह आदेश 13 फरवरी 2026 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन अलर्ट, बैठक आयोजित
हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने बताया कि
- स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है
- हाथियों के हमले पर रोक के लिए निर्देश जारी किए गए हैं
- ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है
वन विभाग, पुलिस और प्रखंड प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है
