यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनों का सुझाव
रांची : होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए झारखंड से विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग उठी है। राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रांची एवं हटिया रेलवे स्टेशन से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का आग्रह किया है।
डॉ. वर्मा ने अपने पत्र में कहा है कि रांची न केवल झारखंड की राजधानी है, बल्कि यह राज्य का एक प्रमुख सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक केंद्र भी है। शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार और पर्यटन के लिए बड़ी संख्या में लोग रांची से देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में रांची और हटिया रेलवे स्टेशन झारखंड के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में स्वाभाविक रूप से भारी वृद्धि होती है, लेकिन मौजूदा ट्रेन सेवाएं इस अतिरिक्त दबाव को संभालने में अक्सर नाकाफी साबित होती हैं। इसके कारण यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट, अत्यधिक भीड़ और यात्रा में गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
इन शहरों के लिए विशेष ट्रेन सेवाओं की मांग
राज्यसभा सांसद ने सुझाव दिया है कि होली पर्व के दौरान रांची/हटिया से निम्नलिखित प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं या अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएं
- जम्मू
- एर्नाकुलम
- अहमदाबाद
- इंदौर
- प्रयागराज
- सिकंदराबाद
- नई दिल्ली
- गोरखपुर
- बीकानेर
- लखनऊ
- जयपुर
डॉ. वर्मा ने कहा कि इन रूट्स पर विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार के समय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
पर्यटन और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने यह भी कहा कि विशेष ट्रेन सेवाओं की शुरुआत से न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि इससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही यह कदम भारतीय रेलवे की यात्री सुविधा और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
अंत में सांसद ने रेल मंत्रालय से इस मांग पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।
