समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचीं दोनों प्रत्याशी, विकास और जनसेवा के दम पर जनता से मांगा समर्थन
Highlights
- वार्ड 17 से निवर्तमान पार्षद आरती देवी ने दोबारा भरा पर्चा
- वार्ड 3 से बदरुण निसा ने पहली बार दाखिल किया नामांकन
- नामांकन से पहले पूजा-अर्चना और समर्थकों की मौजूदगी
- विकास, अधूरे कार्य पूरे करने और वार्ड को बेहतर बनाने का भरोसा
- नगर निगम चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
विस्तार
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड नंबर 17 और वार्ड नंबर 3 से प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 17 से आरती देवी ने किया नामांकन
वार्ड नंबर 17 से निवर्तमान वार्ड पार्षद आरती देवी ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व वे चंदौरी रोड स्थित अपने आवास से समर्थकों के साथ टावर चौक स्थित महावीर मंदिर पहुंचीं, जहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में आरती देवी ने कहा
“पिछले कार्यकाल में वार्ड की जनता के लिए जो विकास कार्य किए गए, उसी के दम पर जनता ने मुझे फिर से चुनावी मैदान में उतारा है।”उन्होंने बताया कि बीते कार्यकाल में कुछ विकास कार्य अधूरे रह गए थे, जिन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास करने का भरोसा भी दिया।
इस मौके पर हब्लू गुप्ता, तरुण गुप्ता, पिंकी देवी, रंधीर विश्वकर्मा, रेणु देवी, अर्चना देवी, चंदन कुमार, जुली समेत बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
वार्ड 3 से बदरुण निसा ने भरा नामांकन
नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड नंबर 3 से वार्ड पार्षद पद के लिए बदरुण निसा ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व बदरुण निसा और जाकिर हुसैन अपने समर्थकों के साथ पचंबा स्थित आवास से प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र सौंपा।
नामांकन के बाद बदरुण निसा ने कहा
“अगर जनता का समर्थन मिला, तो मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी और अपने वार्ड को एक सुंदर और बेहतर वार्ड बनाऊंगी।”उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता वार्ड में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाएं और जनसमस्याओं का समाधान रहेगा।
नगर निगम चुनाव को लेकर लगातार हो रहे नामांकनों से शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और रफ्तार पकड़ने की संभावना है।
