इलाज के बाद बिगड़ी तबीयत, रास्ते में तोड़ा दम -लापरवाही का आरोप
Highlights:
- सरिया थाना क्षेत्र में इलाज के बाद 50 वर्षीय महिला की मौत
- मृतका अंजनी देवी, ग्राम चौबे (हजारीबाग) की रहने वाली
- उमा पॉलिक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में चल रहा था इलाज
- आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया सड़क जाम
- करीब एक घंटे तक बाधित रहा रांची–दुमका मुख्य मार्ग
- पुलिस के समझाने के बाद जाम हटाया गया
विस्तार
गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में इलाज के बाद एक महिला की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 50 वर्षीय अंजनी देवी, पति पूरन महतो, ग्राम चौबे, जिला हजारीबाग के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार अंजनी देवी का इलाज सरिया के बागोडीह चौक के समीप स्थित उमा पॉलिक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि इलाज कराने के बाद महिला घर लौट गई थी। घर पर दवा देने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां शुरू हो गईं। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे दोबारा क्लिनिक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने उमा पॉलिक्लिनिक के सामने रांची–दुमका मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात पुनः सामान्य हो सका।
वहीं, इस मामले में उमा पॉलिक्लिनिक के डॉक्टर सोनू कुमार ने बताया कि महिला का इलाज किया गया था और इलाज के बाद वह घर चली गई थी। उनके अनुसार महिला की मौत इलाज के चार दिन बाद हुई है। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है, जबकि परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए हैं।
