Saturday, February 14, 2026
Homeखबर स्तम्भपूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन,...

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन, पुणे में ली अंतिम सांस

Highlights :

  • पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का 81 वर्ष की उम्र में निधन
  • पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में चल रहा था इलाज
  • इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व चेयरमैन रह चुके थे कलमाड़ी
  • दोपहर 3:30 बजे पुणे के वैकुंठ श्मशान भूमि में होगा अंतिम संस्कार

विस्तार:

पुणे- पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार तड़के 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कलमाड़ी ने सुबह करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में निधन की पुष्टि की गई।

दोपहर में होगा अंतिम संस्कार

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश कलमाड़ी का पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित कलमाड़ी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3:30 बजे पुणे के नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में किया जाएगा।

राजनीति और खेल प्रशासन में अहम भूमिका

सुरेश कलमाड़ी पुणे से पूर्व सांसद और रेलवे राज्य मंत्री रह चुके थे। इसके साथ ही उन्होंने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के चेयरमैन के रूप में भी लंबे समय तक जिम्मेदारी निभाई। भारतीय खेल प्रशासन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।

कॉमनवेल्थ गेम्स विवाद

2010 के राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के दौरान उन पर भ्रष्टाचार और फंड के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। अप्रैल 2011 में उनकी गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। हालांकि, अप्रैल 2025 में दिल्ली की एक अदालत ने ईडी द्वारा दायर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली थी, जिससे यह मामला समाप्त हो गया।

वायुसेना से राजनीति तक का सफर

राजनीति में आने से पहले सुरेश कलमाड़ी ने 1964 से 1972 तक भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में सेवा दी। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में 1995-96 के दौरान रेल राज्य मंत्री बने।

परिवार

स्वर्गीय सुरेश कलमाड़ी के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा, बहू, दो बेटियां, दामाद और पोते-पोतियां हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular