Saturday, February 14, 2026
Homeखबर स्तम्भसदर अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों का फूटा...

सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों का फूटा गुस्सा, जमकर हंगामा

इलाज में लापरवाही का आरोप, रातभर तड़पती रही गर्भवती, समय पर रेफर नहीं किया गया

Highlights:

  • सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत
  • इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप
  • परिजनों ने अस्पताल परिसर में किया हंगामा
  • नॉर्मल डिलीवरी का भरोसा देकर रातभर रोके रखा
  • समय पर रेफर नहीं करने का आरोप
  • स्वास्थ्य मंत्री समेत आला अधिकारियों से शिकायत
  • जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन

विस्तार

सदर अस्पताल में फिर लापरवाही का आरोप

सदर अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रसव के दौरान नवजात की मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के कारण एक नवजात की जान चली गई।

शाम को भर्ती, सुबह मिला मृत नवजात

मिली जानकारी के अनुसार शहर के बिंड मुहल्ला अंसार नगर निवासी मो. उमर अंसारी ने शनिवार शाम करीब छह बजे अपनी पत्नी गुलाफशा परवीन को प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया था।
स्वास्थ्य कर्मियों ने परिजनों को यह कहकर आश्वस्त किया कि आधे से एक घंटे में डिलीवरी हो जाएगी।

नॉर्मल डिलीवरी का भरोसा, रातभर तड़पती रही महिला

परिजनों का आरोप है कि महिला स्वास्थ्य कर्मी पूनम कुमारी और आरती कुमारी ने नॉर्मल डिलीवरी की बात कहकर महिला को भर्ती रखा। पूरी रात महिला दर्द से कराहती रही, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने यह कहकर परिजनों को चुप कराया कि नॉर्मल डिलीवरी में दर्द होता ही है।

रेफर करने की गुहार, नहीं सुनी गई

परिजनों ने बताया कि उन्होंने कई बार मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की गुहार लगाई, लेकिन नॉर्मल डिलीवरी का भरोसा देकर रेफर नहीं किया गया।
रात की शिफ्ट बदलने के बाद सुबह करीब नौ बजे डिलीवरी हुई, लेकिन नवजात मृत पाया गया।

परिजनों का आरोप-समय पर रेफर होता तो बचती जान

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते मरीज को रेफर कर दिया जाता तो नवजात की जान बच सकती थी। नवजात की मौत के लिए रात में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।

अधिकारियों से की शिकायत

गुस्साए परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, उपायुक्त कीर्तिश्री जी, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार से पूरे मामले की शिकायत करते हुए दोषी कर्मियों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल प्रशासन का बयान

इस मामले में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि दो स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

RELATED ARTICLES

Most Popular