निकाय चुनाव में एकजुट होकर लड़ेगा यादव समाज, सेक्टर-3 में भव्य राधाकृष्ण मंदिर निर्माण का निर्णय
Highlights
- यादव समाज की आबादी लगभग 14%, फिर भी राजनीतिक उपेक्षा का आरोप
- ओबीसी को 27% आरक्षण न मिलने से सामाजिक व आर्थिक विकास प्रभावित
- निकाय चुनाव में अधिक प्रतिनिधित्व के लिए एकजुटता का आह्वान
- सेक्टर-3 धुर्वा में भव्य राधाकृष्ण मंदिर निर्माण का फैसला
- 22 जनवरी को 53 वार्ड प्रतिनिधियों के साथ अगली बैठक
विस्तार
रांची :आज दिनांक 4 जनवरी 2026 को बलराम कृष्ण कल्याण समिति, यादव समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक धुर्वा, पुराना विधानसभा क्षेत्र स्थित मैदान में संपन्न हुई। बैठक में यादव समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य संरक्षक एवं राजद नेता कैलाश यादव ने कहा कि झारखंड में यादव समाज की आबादी लगभग 14 प्रतिशत है, बावजूद इसके समाज को राजनीति में अनुपात के अनुसार प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। यादव समाज गोप, अहीर, महतो, माजी, घोष समेत अनेक उपनामों से जाना जाता है, लेकिन एकजुटता के अभाव में राजनीतिक भागीदारी कमजोर रही है।
राजनीतिक हिस्सेदारी पर सवाल
कैलाश यादव ने कहा कि “चतरा, कोडरमा, गोड्डा, धनबाद लोकसभा क्षेत्र सहित राज्य की लगभग 20 विधानसभा सीटों जैसे हुसैनाबाद, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, रामगढ़, बड़कागांव, बोकारो, झरिया, गिरिडीह, गांडेय, हटिया, रांची, जमशेदपुर पूर्वी, मधुपुर— में यादव समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए, लेकिन आज भी समाज उपेक्षित है।”
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यादव समाज की नई पीढ़ी आगे बढ़ रही है, लेकिन राजनीतिक भागीदारी बेहद कमजोर बनी हुई है।
आरक्षण व्यवस्था पर नाराज़गी
कैलाश यादव ने ओबीसी आरक्षण को लेकर कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां ओबीसी आबादी लगभग 60 प्रतिशत है, लेकिन उन्हें केवल 14 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 27% आरक्षण नहीं मिलने से यादव समाज सहित पूरे ओबीसी वर्ग का सामाजिक और आर्थिक विकास बाधित हुआ है।
निकाय चुनाव में बीसी-1 और बीसी-2 को अलग-अलग कर कमजोर करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सिमडेगा, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला समेत करीब 10 जिलों में ओबीसी के लिए आरक्षण शून्य कर दिया गया है।
मंदिर निर्माण और अगली बैठक
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सेक्टर-3, धुर्वा स्थित राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में एक भव्य राधाकृष्ण मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 50 सदस्यीय विशेष कमिटी गठित की जाएगी।
साथ ही निर्णय लिया गया कि 22 जनवरी को अगली बैठक सेक्टर-3 स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर में होगी, जिसमें रांची महानगर के 53 वार्डों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। निकाय चुनाव को लेकर अहम रणनीति तय की जाएगी।
संस्था का इतिहास
कैलाश यादव ने बताया कि बलराम कृष्ण कल्याण समिति लगभग 40 वर्ष पुरानी संस्था है। इसके आयोजनों में पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामलखन सिंह यादव, रामवधेश सिंह यादव, राम जयपाल सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव और चौधरी चरण सिंह जैसे दिग्गज नेता शामिल हो चुके हैं।
बैठक में मौजूद प्रमुख लोग
बैठक में नंदन यादव, बबन यादव, संजीत यादव, विभाकर यादव, रंजन यादव, उमेश यादव, रामकुमार यादव, राजकिशोर सिंह यादव, प्रमोद यादव, रामभजन यादव, गौरीशंकर यादव, सुनील यादव, धनंजय यादव, राजेश यादव, पप्पू यादव, चंदेश्वर प्रसाद यादव, भैया जी यादव, ओमप्रकाश यादव, नवलकिशोर यादव, दयाशंकर यादव, सुरेन्द्र यादव, लोकनाथ यादव, रमाशंकर यादव, राहुल यादव, अनिल यादव सहित सैकड़ों समाज के लोग उपस्थित थे।
