मानगो गोकुल नगर पहुंचे जमशेदपुर पश्चिम के विधायक, पीड़ित परिवार से की मुलाकात
Highlights
- मानगो गोकुल नगर जाकर मृतक जीत महतो के परिवार से मिले सरयू राय
- न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई का भरोसा
- सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा से हुई बातचीत
- मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग
- पुलिस, प्रशासन और MGM अस्पताल से संपर्क की बात
विस्तार
जमशेदपुर- जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शनिवार को मानगो स्थित गोकुल नगर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक जीत महतो की मां और परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ भी घटना को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सरयू राय ने कहा कि जीत महतो के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी बातचीत जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से भी हो चुकी है। सभी जनप्रतिनिधि एकजुट होकर पीड़ित परिवार के पक्ष में खड़े रहेंगे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
विधायक ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
सरयू राय ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि वे MGM अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे और पुलिस के वरीय अधिकारियों से वार्ता कर मामले को आगे बढ़ाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत कर जांच प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द मामले का पूर्ण समाधान निकल सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिंह सिसोदिया, संजीव मुखर्जी, मृत्यंजय सिंह, कृष्ण पदो मंडल, पार्थो मंडल, शंकर गोराई, विजय पाल, राकेश दास, मुकेश सिंह, राहुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
