घर बंद कर बाहर गए परिवार के मकान में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Highlights
- गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय की घटना
- घर में रखा चावल, गेहूं, धान और कपड़े जलकर नष्ट
- परिवार घर में ताला बंद कर बाहर गया था
- बोरसी की आग से हादसे की आशंका
- स्थानीय युवकों की तत्परता से आग पर पाया गया काबू
- थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
विस्तार
गिद्धौर (चतरा)- प्रखंड मुख्यालय गिद्धौर में शनिवार को एक घर में अचानक आग लग जाने से खाद्यान्न सहित अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। यह घटना शूकर महतो के पुत्र संतोष दांगी के घर में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष दांगी अपने पूरे परिवार के साथ शनिवार की सुबह घर में ताला बंद कर कहीं घूमने चले गए थे। इसी दौरान करीब 11:30 बजे घर से धुआं निकलते हुए एक ग्रामीण की नजर पड़ी। ग्रामीण द्वारा शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
जब तक ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक घर में रखा चावल, गेहूं, धान, कपड़े समेत अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने का कारण घर में रखी बोरसी की आग बताई जा रही है।
ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
घटना के दौरान स्थानीय युवक संतोष दास, दीपक कुमार, कार्तिक राना, मुकेश कुमार और संतोष निराला ने सूझबूझ दिखाते हुए आग को फैलने से रोक लिया, जिससे आसपास के घरों को नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवा यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
