1 जनवरी की छुट्टी का उठाया गया फायदा, अज्ञात लोगों ने मुख्य मार्ग किया अवरुद्ध
Highlights :
- केरेडारी में कोयला परिवहन के अहम मार्ग पर रातोंरात बनी 5 फीट ऊंची चारदीवारी
- सड़क बंद होने से सैकड़ों हाइवा वाहनों की लंबी कतार
- कई टन कोयला लेकर वाहन फंसे, खनन व परिवहन कार्य प्रभावित
- 1 जनवरी को ट्रांसपोर्टिंग बंद रहने का उठाया गया फायदा
- चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने कानूनी कार्रवाई की मांग की
विस्तार:
जिले के केरेडारी क्षेत्र में कोयला परिवहन से जुड़े एक महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर अज्ञात लोगों द्वारा रातोंरात करीब पांच फीट ऊंची चारदीवारी खड़ी कर दी गई। इस चारदीवारी के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है, जिससे इस मार्ग पर घंटों से यातायात ठप है। नतीजतन, कोयला परिवहन में लगे सैकड़ों हाइवा वाहनों की लंबी कतार सड़क के दोनों ओर लग गई है।
वाहनों की लगी लंबी कतार
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कई टन कोयला लेकर जा रहे हाइवा वाहन वहीं खड़े रहने को मजबूर हैं। वाहन चालक मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे खनन और कोयला परिवहन का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि जल्द रास्ता साफ नहीं हुआ, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
छुट्टी का उठाया गया फायदा
स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्टरों के अनुसार, 1 जनवरी को नए साल के कारण ट्रांसपोर्टिंग कार्य पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से ईंट और सीमेंट से बनी मजबूत चारदीवारी का निर्माण कर दिया।
2 जनवरी की सुबह जब ट्रांसपोर्टिंग दोबारा शुरू हुई, तब चालकों ने देखा कि मुख्य सड़क के बीचों-बीच दीवार खड़ी है, जिसने मार्ग को दोनों ओर से बंद कर दिया है।
कार्रवाई की मांग
हाइवा चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अविलंब मार्ग को खाली कराया जाए और इस तरह से अवरोध उत्पन्न करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
