सदैव अटल से लेकर सोशल मीडिया तक, देश ने याद किया पूर्व प्रधानमंत्री का प्रेरणादायक व्यक्तित्व
Highlights:
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती आज
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
• दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ स्मारक पर हुआ विशेष कार्यक्रम
• पीएम मोदी ने एक्स पर वीडियो साझा कर अटल जी को बताया मार्गदर्शक
• झारखंड सीएम हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
विस्तार :
आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बने स्मारक ‘सदैव अटल’ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, विचारों और अटल संकल्प को भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पीएम मोदी ने संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा और उनका जीवन आज भी देश के लिए मार्गदर्शक है। सदैव अटल में आयोजित संगीतबद्ध श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और कई धर्मगुरु भी शामिल हुए।
वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लिखा— “देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर शत-शत नमन।”

देशभर में अटल जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है, जहां उनके विचारों और योगदान को याद किया जा रहा है।
