रांची के हिंदपीढ़ी में दिशोम गुरू शिबू सोरेन जेईई–मेडिकल कोचिंग संस्थान की शुरुआत, आदिवासी छात्रों को मिलेगा कोटा जैसी तैयारी का अवसर
Highlights:
- 11वीं-12वीं की पढ़ाई के साथ JEE और मेडिकल की फ्री कोचिंग
• सीएम हेमंत सोरेन ने किया संस्थान का उद्घाटन
• पहले बैच में 300, अब 600 छात्रों का होगा नामांकन
• कोटा के मोशन संस्थान से मिलेगी इंजीनियरिंग-मेडिकल की तैयारी
• रहने, खाने और स्टडी मटेरियल पूरी तरह मुफ्त
• सभी जिलों में आधुनिक लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी की घोषणा
विस्तार :
RANCHI: अब आदिवासी बच्चों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। रांची के हिंदपीढ़ी में दिशोम गुरू शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल कोचिंग संस्थान की स्थापना की गई है, जहां 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग दी जाएगी। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संस्थान का विधिवत शुभारंभ किया।
सीएम का छात्रों को भरोसा: मेहनत तुम करो, चिंता सरकार करेगी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नामांकित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को सिर्फ पढ़ाई में मेहनत करनी है, उनकी चिंता करने के लिए पूरी सरकार खड़ी है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे केवल आरक्षित श्रेणी तक सीमित न रहें, बल्कि इतनी मेहनत करें कि अनारक्षित श्रेणी में भी चयन सुनिश्चित हो।
एक और बैच शुरू करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कल्याण विभाग और मोशन संस्थान को निर्देश दिया कि जिन बच्चों का चयन एक-दो अंकों से पहले बैच में नहीं हो सका है, उनके लिए एक और बैच शुरू किया जाए। इसके बाद इस संस्थान में कुल 600 छात्रों का नामांकन होगा।
मंत्री और सचिव ने दी जानकारी
विभागीय मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि तैयारी कराने के लिए मोशन संस्थान मौजूद है, लेकिन सफलता के लिए बच्चों को खुद परिश्रम करना होगा। वहीं विभागीय सचिव कृपा नंद झा ने बताया कि इस संस्थान को जैक या सीबीएसई से इंटरमीडिएट कॉलेज के रूप में संबद्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि छात्र यहीं 11वीं और 12वीं की पढ़ाई कर सकें।
15 जनवरी तक शुरू होगा फूलो झानो बालिका छात्रावास
सचिव ने बताया कि इसी परिसर में बन रहा फूलो झानो बालिका छात्रावास 15 जनवरी तक शुरू कर दिया जाएगा, जिससे छात्राओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी।
कोटा जैसी सुविधाएं, पीपीपी मोड पर कोचिंग
मोशन संस्थान के वाइस प्रेसिडेंट शिव प्रसाद विजय ने कहा कि छात्रों को वही सुविधाएं और तैयारी का माहौल मिलेगा, जो कोटा में विद्यार्थियों को मिलता है। पीपीपी मोड पर मोशन संस्थान इंजीनियरिंग और मेडिकल की कोचिंग देगा।
आधुनिक लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों में आधुनिक लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी शुरू करने की घोषणा की।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले चरण में यूपीएससी, जेपीएससी, बैंकिंग, रेलवे जैसी परीक्षाओं के लिए भी निशुल्क कोचिंग शुरू की जाएगी।
संस्कृति और भविष्य, दोनों का संगम
सीएम ने कहा कि यहां पढ़ने वाले बच्चे अपनी संस्कृति का भी आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत कई छात्र विदेशों में पढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जिनसे वे जल्द मुलाकात करेंगे।
नेताओं के भाषण से बच्चों के भविष्य तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यह परिसर नेताओं के भाषणों के लिए उपयोग होता था, अब यहां बच्चे अपना भविष्य गढ़ेंगे।
उन्होंने खेलकूद और मनोरंजन की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए।
पहले बैच की स्थिति
• 168 छात्राओं का चयन प्रतियोगिता के माध्यम से
• 132 छात्रों का नामांकन
• रहने, खाने और लर्निंग मटेरियल की पूरी व्यवस्था मुफ्त
