रांची सहित कई जिलों में अगले तीन दिन नहीं मिलेगी राहत, विजिबिलिटी घटकर 650 मीटर तक पहुंची
Highlights
- झारखंड में ठंड और घने कोहरे का असर लगातार जारी
- अगले तीन दिनों तक राहत की संभावना नहीं
- 20 से 22 दिसंबर तक 14 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
- रांची, धनबाद, बोकारो सहित कई जिलों में पूरे दिन कोहरा
- रांची में विजिबिलिटी घटकर 650 मीटर दर्ज
रांची : झारखंड में ठंड और घने कोहरे का सितम लगातार जारी है। राजधानी रांची सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल लोगों को राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि अगले तीन दिनों तक ठंड और घने कोहरे का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग ने 20 से 22 दिसंबर तक राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह से लेकर पूरे दिन तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
कोहरे का असर सड़क और रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। रांची में विजिबिलिटी घटकर मात्र 650 मीटर दर्ज की गई, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है और कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही ठंड को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
