Friday, March 6, 2026
Homeखबर स्तम्भदस्तावेज नवीस संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 20वें दिन भी जारी, चतरा में...

दस्तावेज नवीस संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 20वें दिन भी जारी, चतरा में निबंधन कार्य पूरी तरह ठप

जिला निबंधन पदाधिकारी की कार्यशैली से नाराज़ दस्तावेज नवीस, हाईकोर्ट–सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का आरोप

Highlights

  • दस्तावेज नवीस संघ की हड़ताल से जमीन रजिस्ट्री का काम ठप
  • जरूरतमंद लोग परेशान, सरकार को रोज़ाना लाखों के राजस्व का नुकसान
  • पदाधिकारी पर जबरन तकनीकी आपत्तियाँ लगाकर रजिस्ट्री रोकने का आरोप
  • CNT जमीन और पुराने खतियान को लेकर बना विवाद
  • मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

चतरा जिले में दस्तावेज नवीस संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। जिला निबंधन पदाधिकारी की कार्यशैली से क्षुब्ध दस्तावेज नवीस संघ ने हड़ताल का रास्ता अपनाया है, जो अब 20वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। हड़ताल के कारण जिले में जमीन रजिस्ट्री से संबंधित सभी कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।

लगातार चल रही इस हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए कार्यालय पहुंचने वाले जरूरतमंद लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वहीं, रजिस्ट्री कार्य बाधित होने से सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

दस्तावेज नवीस संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वार्थ सिंह ने आरोप लगाया कि जिला निबंधन पदाधिकारी जानबूझकर मीन-मेख निकालकर रजिस्ट्री कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी न तो हाई कोर्ट के आदेशों का पालन कर रहे हैं और न ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को मान रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिन CNT आच्छादित जमीनों की रजिस्ट्री 25 जनवरी 2012 तक हो चुकी है और जिनका नामांतरण भी पूर्ण हो चुका है, उन्हें भी CNT बताकर रजिस्ट्री से इनकार किया जा रहा है। इसके अलावा, सौ वर्ष से अधिक पुराने और नष्ट हो चुके खतियानों को, जिन्हें सरकार द्वारा ऑनलाइन खतियान एवं पंजी-टू के रूप में कम्प्यूटरीकृत किया गया है, उन्हें भी मान्यता नहीं दी जा रही है।

दस्तावेज नवीस संघ का कहना है कि जब तक जिला निबंधन पदाधिकारी की कार्यशैली में सुधार नहीं होता और नियमों के अनुरूप रजिस्ट्री कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। संघ ने साफ शब्दों में कहा है कि ऐसे पदाधिकारी के रहते वे निबंधन कार्य नहीं करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular