चतरा में एबीडीएम के तहत निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
Highlights
- चतरा सिविल सर्जन कार्यालय में आभा कार्ड पर एकदिवसीय प्रशिक्षण
- निजी अस्पतालों व मेडिकल स्टाफ को दी गई तकनीकी जानकारी
- HFR आईडी और HPR रजिस्ट्रेशन अनिवार्य बताया गया
- डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड से इलाज होगा आसान और पारदर्शी
चतरा : भारत सरकार की आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत आभा कार्ड (ABHA Card) के निर्माण को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय, चतरा के सभागार में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद ने की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी गैर सरकारी निजी स्वास्थ्य संस्थानों, अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों के प्रबंधक एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आभा कार्ड निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, संबंधित पोर्टल व मोबाइल ऐप के उपयोग, तकनीकी सावधानियों तथा मरीजों के स्वास्थ्य डाटा की गोपनीयता से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।
रांची से आए प्रशिक्षकों अफजल हुसैन, प्रियंका सांगा और इभा खाखा ने बताया कि आभा कार्ड के माध्यम से नागरिकों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे इलाज के दौरान मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री आसानी से उपलब्ध होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध बनेंगी।
प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि ABDM के अंतर्गत सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए अपने मरीजों का आभा कार्ड बनाना अनिवार्य है। साथ ही संस्थानों को HFR (Health Facility Registry) आईडी और स्वास्थ्य पेशेवरों को HPR (Health Professional Registry) में पंजीकरण कराना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के समापन पर सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद ने सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों का आभा कार्ड बनाकर उन्हें राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि इससे जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ व्यापक स्तर तक पहुंचेगा। कार्यक्रम में जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।
