लोयला मैदान में शुरू हुआ क्रिसमस मेला, 118 स्टॉलों में सजी खरीदारी और स्वाद की दुनिया
Highlights :
- रांची के लोयला मैदान में क्रिसमस मेला का शुभारंभ
- आर्चबिशप विसेंट आईंद ने किया मेले का उद्घाटन
- कुल 118 स्टॉल, सजावटी सामान से लेकर केक और फूड स्टॉल शामिल
- पहले ही दिन बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
- आर्चबिशप ने शांति, प्रेम और सद्भावना का दिया संदेश
विस्तार :
रांची के पुरुलिया रोड स्थित लोयला मैदान में मंगलवार की शाम क्रिसमस मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन आर्चबिशप विसेंट आईंद ने किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे परिसर में क्रिसमस की रौनक देखने को मिली और पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग मेला घूमने पहुंचे।
इस क्रिसमस मेले में कुल 118 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें क्रिसमस के सजावटी सामान, केक, कपड़े, उपहार सामग्री और तरह-तरह के खाने-पीने के स्टॉल शामिल हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
क्रिसमस का खास संदेश
आर्चबिशप विसेंट आईंद ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष ख्रीस्त जयंती एक विशेष अवसर है, क्योंकि 25 दिसंबर 2025 को क्रिसमस मनाया जाएगा, जो अपने आप में एक अनोखा संयोग है। उन्होंने कहा कि आगमन काल हमें प्रतीक्षा की याद दिलाता है, और यह प्रतीक्षा हमारे प्रभु यीशु मसीह की है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस क्रिसमस पर सभी एक-दूसरे के साथ शांति, प्रेम और सद्भावना साझा करें और समाज में भाईचारे का संदेश फैलाएं।
