धोनी की धरती से IPL तक, लेग स्पिनर अमित कुमार को सनराइजर्स हैदराबाद ने दिया मौका
Highlights :
रांची के लेग स्पिनर अमित कुमार का IPL 2026 के लिए चयन
सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये में टीम में किया शामिल
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड टीम का हिस्सा हैं अमित
साई धुर्वा क्रिकेट अकादमी से हुई क्रिकेट करियर की शुरुआत
कभी तेज गेंदबाज थे अमित, ‘डेलू’ नाम से हैं मशहूर
विस्तार :
थाला महेंद्र सिंह धोनी की धरती रांची से एक और क्रिकेट सितारा उभरकर सामने आया है। तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा के बाद अब झारखंड के युवा लेग स्पिनर अमित कुमार का चयन IPL 2026 के लिए हो गया है। अमित कुमार को सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है। यह अमित का पहला IPL सीजन होगा, जिसमें वह ऑरेंज आर्मी के लिए खेलते नजर आएंगे।
झारखंड क्रिकेट को मिली नई पहचान
अमित कुमार वर्तमान में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके चयन से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि झारखंड क्रिकेट प्रतिभाओं की खान है और यहां से लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं।
साई धुर्वा क्रिकेट अकादमी से हुई शुरुआत
राजधानी रांची के धुर्वा इलाके के रहने वाले अमित कुमार को बचपन से ही क्रिकेट का शौक रहा है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत साई धुर्वा क्रिकेट अकादमी से की थी। यहां उन्हें अनुभवी कोच मुक्तेश सिंह का मार्गदर्शन मिला, जिन्होंने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई।
परिवार नहीं चाहता था कि खेलें क्रिकेट
अमित के बड़े भाई गुड्डू कुमार ने बताया कि परिवार के लोग शुरू में नहीं चाहते थे कि अमित क्रिकेट को करियर बनाए, क्योंकि परिवार के अधिकांश सदस्य सरकारी नौकरी में हैं। बावजूद इसके अमित ने अपने जुनून को नहीं छोड़ा और आज IPL तक का सफर तय कर लिया है। परिवार के लिए यह पल गर्व और खुशी से भरा हुआ है।
तेज गेंदबाज से बने लेग स्पिनर
कोच मुक्तेश सिंह ने बताया कि अमित शुरुआत में तेज गेंदबाज हुआ करते थे। इसी वजह से उनका नाम मशहूर गेंदबाज डेल स्टेन से जोड़ते हुए ‘डेलू’ पड़ गया था। बाद में उन्होंने लेग स्पिन गेंदबाजी को अपनाया और इसी कला के दम पर IPL तक पहुंचने में सफल रहे। रांची से निकलकर IPL तक का यह सफर न सिर्फ अमित कुमार के लिए, बल्कि झारखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा बन गया है।
