Saturday, March 7, 2026
Homeखबर स्तम्भगिरिडीह में धूमधाम से मना महाराज जरासंध का वार्षिक महोत्सव, निकली भव्य...

गिरिडीह में धूमधाम से मना महाराज जरासंध का वार्षिक महोत्सव, निकली भव्य शोभायात्रा

ऑल इंडिया चंद्रवंशी युवा संगठन के तत्वाधान में हजारों लोगों की भागीदारी, संस्कृति–एकता का दिखा भव्य संगम

Highlights :

  • गिरिडीह में महाराज जरासंध का वार्षिक महोत्सव भव्य रूप से आयोजित
  • हाई स्कूल मैदान से जारासंध चौक तक निकली विशाल शोभायात्रा
  • हजारों महिला, पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चों की सहभागिता
  • महाराज जरासंध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण
  • ढोल-नगाड़े, जयघोष और पारंपरिक गीत-संगीत से गूंजा शहर
  • चंद्रवंशी मिलन समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
  • सीबीआई जांच और सीएनटी एक्ट से बाहर करने की उठी मांग

विस्तार:

गिरिडीह – गिरिडीह में ऑल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन के तत्वाधान में रविवार को महाराज जरासंध का वार्षिक महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गिरिडीह सहित विभिन्न प्रखंडों और बाहर से आए हजारों लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां

महोत्सव की शुरुआत गिरिडीह हाई स्कूल मैदान से भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा झंडा मैदान होते हुए जारासंध चौक पहुंची, जहां समाज के लोगों ने मगध के प्रथम सम्राट महाराज जरासंध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके शौर्य, पराक्रम और समाज के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

उत्सवमय माहौल, परंपरा की झलक

माल्यार्पण के पश्चात शोभायात्रा टावर चौक, कालीबाड़ी चौक, मकतपुर, बजरंग चौक होते हुए बारमसिया स्थित सवेरा चित्र मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयघोष और पारंपरिक गीत-संगीत से वातावरण पूरी तरह उत्सवमय बना रहा। शोभायात्रा में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में नजर आईं, जबकि बच्चे समाज की संस्कृति और विरासत से जुड़े प्रतीकों के साथ चलते दिखाई दिए।

चंद्रवंशी मिलन समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम

सवेरा चित्र मंदिर परिसर में चंद्रवंशी मिलन समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज की एकता, शिक्षा, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक उत्थान जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

सीबीआई जांच और सामाजिक मांगें

कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरीय नेताओं ने देवघर जिले में घटित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि युवा नेता राहुल कुमार चंद्रवंशी को गलत तरीके से फंसाया गया है। नेताओं ने मांग की कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और जो निर्दोष हों, उन्हें न्याय मिले। इसके साथ ही समाज की एकता और अखंडता पर बल देते हुए केंद्र व राज्य सरकार से चंद्रवंशी समाज को सीएनटी एक्ट से बाहर करने की मांग भी उठाई गई।

इनकी रही अहम भूमिका

आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश संयोजक अजीत कुमार पप्पू, प्रदेश अध्यक्ष भीम रवानी, राष्ट्रीय सचिव संजू देवी, नगर अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राम, प्रदोष चंद्रवंशी, अनिल राम, अशोक राम, गोपाल चंद्रवंशी, राहुल चंद्रवंशी सहित अन्य समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular