आजादनगर क्षेत्र के निरीक्षण में सामने आई नगर निगम की बड़ी लापरवाही, डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद मिलने पर विधायक ने जताई कड़ी नाराज़गी
Highlights :
- सरयू राय ने आजादनगर–मानगो का किया स्थल निरीक्षण
- गांधी मैदान और फुटबॉल मैदान में गंदगी का अंबार
- मुर्दा मैदान बना डंपिंग यार्ड
- नालियों की सफाई नहीं, सड़क पर बह रहा गंदा पानी
- डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद
- ठेकेदार खुद काम नहीं कर रहे, किसी और से करा रहे काम
- भुगतान रोकने और ठेका रद्द करने की चेतावनी
जमशेदपुर | मानगो नगर निगम की खुली पोल
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र के आजादनगर समेत कई इलाकों का दौरा कर सफ़ाई व्यवस्था की हकीकत सामने रख दी। इस दौरान आजादनगर विधायक प्रतिनिधि निसार अहमद की अगुवाई में निरीक्षण किया गया। मौके पर भाजपा आजादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गांधी मैदान से ही उजागर हुई लापरवाही
निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम कार्यालय से महज 10 कदम दूर स्थित गांधी मैदान से हुई, जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ था। इससे साफ जाहिर हुआ कि नगर निगम कार्यालय के आसपास भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
फुटबॉल मैदान में कचरा, लोग जला रहे कूड़ा
रोड नंबर-6 स्थित फुटबॉल मैदान में भारी मात्रा में कचरा जमा मिला। स्थानीय लोग मजबूरी में वहीं कचरा जला रहे थे, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है। विधायक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
नालियों की बदहाली, सड़क पर बह रहा गंदा पानी
रोड नंबर-9 में नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता मिला। ओल्ड पुरुलिया रोड के कई इलाकों में नालियों की स्थिति बदतर पाई गई—
- दुकानों के सामने नाली के कलवत तोड़ दिए गए, लेकिन तीन महीने बाद भी निर्माण नहीं
- नईम स्टोर के सामने नाली जाम, सड़क पर बहता पानी
- हड्डी गोदाम के नीचे बस्ती में नाली ही नहीं, गंदा पानी खुले में बह रहा
मुर्दा मैदान बना डंपिंग यार्ड
बाग़नशाशी मुर्दा मैदान की हालत सबसे ज्यादा चिंताजनक पाई गई। पूरा मैदान कचरे से पटा हुआ है और डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है। विधायक ने इसे प्रशासन की घोर संवेदनहीनता करार दिया।
सड़क जर्जर, 400 फीट नए निर्माण की जरूरत
ओल्ड पुरुलिया रोड गणगौर के सामने की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। लगभग 400 फीट सड़क का नए सिरे से निर्माण जरूरी बताया गया।
डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद
निरीक्षण में सामने आया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह ठप है। इस पर सरयू राय ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर सेवा नहीं दी जा रही है तो संबंधित एजेंसी को तत्काल हटाया जाए और भुगतान में कटौती की जाए।
ठेकेदार खुद काम नहीं कर रहे – सरयू राय
विधायक ने आरोप लगाया कि सफाई ठेकेदार खुद काम नहीं कर रहे, बल्कि किसी और से काम करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा— “जब तक दबाव रहता है, तब तक काम होता है। दबाव हटते ही ठेकेदार ढीले पड़ जाते हैं।” सरयू राय ने मानगो नगर निगम आयुक्त से बात कर सफाई एजेंसियों का भुगतान रोकने और दोषी ठेकेदारों पर तत्काल कार्रवाई की बात कही।
पर्यावरण प्रदूषण पर भी चिंता
विधायक ने कहा कि नालियों से निकला कचरा वहीं छोड़ दिया जाता है, जिससे लोग मजबूरी में सड़क पर कूड़ा जला देते हैं। इससे गंभीर पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है।
निरीक्षण में मौजूद रहे
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि पश्चिम पप्पू सिंह, विधायक प्रतिनिधि उलीडीह संतोष भगत, जेडीयू उलीडीह मंडल अध्यक्ष परवीन सिंह, मनोज कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।
