Highlights
- विधायक सरयू राय ने आमबागान मैदान की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई
- उपायुक्त को पत्र लिखकर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और गंदगी हटाने की मांग
- नेताजी स्मृति स्थल को विकसित करने की पुरानी योजना फिर चर्चा में
- सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को लेकर टाटा स्टील व प्रशासन की भूमिका अहम
विस्तृत
मैदान बने अवैध पार्किंग जोन से सरयू राय नाराज
जमशेदपुर- जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शनिवार को साकची स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आमबागान मैदान के निरीक्षण पर पहुंचे। स्थल भ्रमण के बाद राय ने जिलाधिकारी पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखते हुए कहा कि मैदान की स्थिति बेहद खराब है और उसे तत्काल सुधारने की जरूरत है।
“मैदान कार-बसों का अड्डा बन गया” — सरयू राय
राय ने पत्र में शिकायत दर्ज कराई कि मैदान आज अवैध पार्किंग जोन, बस गैरेज और घुमंतू बस्तियों का ठिकाना बन चुका है। अस्थायी दुकानें, झोपड़ियां और अवैध कब्जों ने मैदान को खराब कर दिया है।
नेताजी की प्रतिमा और स्मारक योजना अधर में
राय ने बताया कि उनकी अनुशंसा पर विधायक निधि से यहां नेताजी की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण हो रहा है, लेकिन जिस जगह स्वतंत्रता आंदोलन की यादें दर्ज होने चाहिए, वह अतिक्रमण से जकड़ी हुई है। उनके मुताबिक 2014-19 के दौरान टाटा स्टील (जुस्को) ने मैदान घेराबंदी का काम शुरू किया था,
पर वह अधूरा ही रह गया।


नेटाजी की स्मृति से जुड़ी अहम जानकारी राय ने फिर याद दिलाई
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि— नेताजी का कोलकाता से गोमो होते हुए जर्मनी और फिर जापान तक आजादी के अभियान का सफर । मैदान में लगे रूट चार्ट के जरिए बताया गया है। इसलिए मैदान सिर्फ खेल का स्थान नहीं, स्मृति स्थल और स्वतंत्रता संघर्ष की विरासत है।
“मैदान को विकसित किया जाए” — सरयू राय का आग्रह
राय ने उपायुक्त से मांग की— मैदान को विधिवत रूप से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आमबागान मैदान घोषित किया जाए पूरा सौंदर्यीकरण किया जाए, सीमा घेराबंदी सुनिश्चित की जाए, टाटा स्टील, जिला प्रशासन और JNAC मिलकर विकास योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन—समिति—कंपनी के संयुक्त प्रयास से यह स्थल
एक आकर्षक स्मारक परिसर में बदल सकता है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद लोग
निरीक्षण के दौरान उनके साथ राजा चौधरी, भागवत मुखर्जी, अजय कुमार, परमिंदर सिंह पन्नू, दुर्गा राव, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, संजीव मुखर्जी, पवन सिंह, पूजा महानंद, मंजू सिन्हा, जया देवी, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद थे।
