दिल्ली में दहशत: लाल किला मेट्रो पर जोरदार ब्लास्ट
दिल्ली पुलिस और बम स्क्वॉड मौके पर, आसपास के इलाके की घेराबंदी; कारणों की जांच जारी
HIGHLIGHTS:
-
लाल किला मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास तेज धमाका
-
आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ आग की चपेट में आकर जल गईं
-
मेट्रो स्टेशन के शीशे टूटकर बिखरे, लोग दहशत में इधर-उधर भागे
-
बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर तैनात
-
अभी तक blast के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं
नई दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम अचानक हुए तेज धमाके ने आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, धमाके से मेट्रो स्टेशन के शीशे चकनाचूर हो गए और आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ आग की लपटों में घिर गईं, जो देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। साथ ही, दिल्ली पुलिस ने क्षेत्र को बैरिकेड कर दिया और बम स्क्वॉड के साथ सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी सैंपल इकट्ठा कर रही है।
हालांकि अभी तक धमाके के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह ब्लास्ट आकस्मिक था या साज़िश के तहत किया गया हमला।
इस धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मेट्रो सेवाओं को अस्थायी तौर पर नियंत्रित किया गया है।
UPDATE
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा:
“दिल्ली पुलिस आयुक्त और स्पेशल सेल के अधिकारियों से मेरी बात हुई है। सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं और सभी संभावनाओं की गहन जांच की जा रही है। मैं भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच रहा हूँ।”
उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हादसा था, तकनीकी खराबी का परिणाम, या किसी साज़िश का हिस्सा।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आसपास की CCTV फुटेज खंगाल रही हैं और घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए जा रहे हैं।