देश की एकता और अखंडता के संदेश के साथ न्यू पुलिस लाइन से निकली एकता दौड़, अधिकारी और नागरिक एक साथ दौड़े
Highlights:
- राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन
- उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी और नागरिकों ने लिया हिस्सा
- देश की अखंडता और भाईचारे का दिया संदेश
विस्तार:
गिरिडीह- राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बुधवार को न्यू पुलिस लाइन गिरिडीह में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और समाज के गणमान्य नागरिकों ने दौड़ लगाई। सुबह पुलिस लाइन का माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का नारा लगाते हुए प्रतिभागियों ने एकता, अखंडता और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई स्थानीय नागरिक और छात्र भी इस आयोजन का हिस्सा बने।
डीसी ने दिया एकता का संदेश:
जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य नागरिकों में आपसी भाईचारा और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है।” उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि “उन्होंने भारत की रियासतों को जोड़कर एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखी। आज हमें उनकी विचारधारा से प्रेरणा लेकर समाज में सौहार्द बनाए रखना चाहिए।” उपायुक्त ने सभी से अपील की कि आपसी मतभेदों को भूलकर एकता और विकास की दिशा में कदम बढ़ाएं।
एसपी ने दी शुभकामनाएं:
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने भी इस अवसर पर नागरिकों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
