Thursday, October 23, 2025
Homeखबर स्तम्भतेजस्वी यादव बने महागठबंधन के सीएम फेस, अशोक गहलोत ने किया ऐलान

तेजस्वी यादव बने महागठबंधन के सीएम फेस, अशोक गहलोत ने किया ऐलान

बिहार चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन में बनी सहमति, तेजस्वी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा चुनाव – ‘चलो बिहार, बदलें बिहार’ नारा हुआ लॉन्च

Highlights:

  • महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव के नाम का किया ऐलान
  • कांग्रेस और RJD के बीच सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर बनी सहमति
  • पोस्टर पर सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर, महागठबंधन में एकजुटता का संदेश
  • तेजस्वी बोले – जनता के भरोसे पर खरा उतरूंगा, 20 साल पुरानी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
  • प्रेस कॉन्फ्रेंस में RJD, कांग्रेस, VIP समेत 7 दलों के 14 नेता हुए शामिल

विस्तार:

बिहार में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। लंबे इंतजार और गहमागहमी के बाद आखिरकार विपक्षी महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है। गुरुवार को पटना के मौर्य होटल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इस बात का औपचारिक ऐलान किया।

गहलोत ने कहा- “हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। अगर सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री पिछड़े वर्ग से होंगे। NDA बताए कि उनका सीएम फेस कौन है।”

तेजस्वी यादव ने मंच से कहा- “आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरूंगा। अब वक्त आ गया है कि 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंका जाए।” प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 50 मिनट चली, जिसमें RJD, कांग्रेस, VIP, CPI, CPI(ML), CPI(M) और अन्य दलों के नेता मौजूद थे। सभी नेताओं ने महागठबंधन में एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व पर जोर दिया।

पोस्टर में सिर्फ तेजस्वी की तस्वीर
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का पोस्टर भी काफी चर्चा में है — इसमें सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर है, जबकि किसी अन्य नेता की फोटो शामिल नहीं की गई। यह संकेत है कि महागठबंधन ने स्पष्ट रूप से तेजस्वी के नेतृत्व को स्वीकार कर लिया है।

कांग्रेस के झुकने के बाद बनी सहमति
पहले कांग्रेस तेजस्वी को सीएम चेहरा बनाने में हिचकिचा रही थी, लेकिन बुधवार को आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी से अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद स्थिति साफ हो गई। बातचीत में कांग्रेस और आरजेडी के बीच सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर सहमति बन गई। महागठबंधन अब ‘चलो बिहार, बदलें बिहार’ के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular