सबरीमाला दर्शन के लिए पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हादसा, बाल-बाल टली बड़ी दुर्घटना
हाइलाइट्स:
- केरल के प्रमादोम स्टेडियम में हुआ हादसा
- हेलीकॉप्टर उतरते ही टारमैक का हिस्सा धंसा
- पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर बाहर निकाला हेलीकॉप्टर
- घटना के समय राष्ट्रपति मुर्मू हेलीकॉप्टर के अंदर नहीं थीं
- हेलीपैड देर रात में तैयार किया गया था, कंक्रीट पूरी तरह नहीं सख्त हुआ था
विस्तार:
केरल के प्रमादोम स्टेडियम में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ले जा रहे हेलीकॉप्टर के उतरने के तुरंत बाद हेलीपैड टारमैक का एक हिस्सा धंस गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच हुई इस घटना ने सभी को चौंका दिया। जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर के धंसने के वक्त राष्ट्रपति मुर्मू उसमें मौजूद नहीं थीं। मौके पर मौजूद पुलिस और दमकल विभाग के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर को हाथों से धक्का देकर धंसी हुई जगह से बाहर निकाला।
अधूरी तैयारी बनी हादसे की वजह
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए यह स्थान अंतिम क्षणों में तय किया गया था। नतीजतन, मंगलवार देर रात को हेलीपैड बनाया गया, लेकिन कंक्रीट पूरी तरह से सेट नहीं हो पाया था। जब राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरा, तो उसका वजन टारमैक सह नहीं सका और पहियों के नीचे की जमीन धंस गई।
अधिकारी ने कहा कि पहले लैंडिंग का स्थान निलक्कल तय था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे बदलकर प्रमादोम किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू का दक्षिण भारत दौरा जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिवसीय केरल दौरे पर हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक,
- 22 अक्टूबर को उन्होंने सबरीमाला मंदिर में दर्शन किए।
- 23 अक्टूबर को वे पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी।
- इसके बाद वे श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह में शामिल होंगी।
- 24 अक्टूबर को वे एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात कर दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं