सदर अस्पताल चतरा में टीबी मरीजों को पोषण टोकरी वितरित की गई, वहीं ग्रामीण इलाकों के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट रवाना
हाइलाइट्स:
- उपायुक्त चतरा ने कई स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया
- दो मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
- ब्रेस्ट कैंसर, टीबी, डेंगू और मलेरिया जांच शिविर की शुरुआत
- टीबी मरीजों को दी गई पोषण टोकरी
- सदर अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन
विस्तार:
चतरा जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को सदर अस्पताल, चतरा के प्रांगण में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और जनकल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त चतरा के साथ विधायक जनार्धन पासवान, अनुमंडलीय पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद और जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मोबाइल मेडिकल यूनिट को मिली हरी झंडी
उपायुक्त ने सदर अस्पताल परिसर से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये यूनिट्स सीसीएल, आरकेएचआईबी केयर सेंटर और सीनी संस्था के सहयोग से शुरू की गई हैं। इन वैन के माध्यम से टंडवा प्रखंड के 27 गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। इन मोबाइल यूनिट्स के जरिए ग्रामीणों के बीच ब्रेस्ट कैंसर की थर्मल स्क्रीनिंग, टीबी जांच, डेंगू/मलेरिया टेस्ट और जनरल हेल्थ चेकअप किया जाएगा।
टीबी मरीजों को मिली पोषण टोकरी
कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान के तहत उपायुक्त चतरा ने उपचाराधीन टीबी मरीजों को पोषण टोकरी वितरित की यह पहल सीसीएल और सीनी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चल रही है, जिसका उद्देश्य टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन- अब मिलेगी मुफ्त सेवा
कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने सदर अस्पताल, चतरा का निरीक्षण किया और वहां निःशुल्क डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ किया। यह सेंटर द हंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित होगा। यहां मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। सेंटर में एक मेडिकल ऑफिसर, दो डायलिसिस टेक्नीशियन, वार्ड बॉय और हाउसकीपर की टीम तैनात रहेगी ताकि मरीजों को 24 घंटे सेवा मिल सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी और संस्थान प्रतिनिधि मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के डॉ. पंकज कुमार, रविंद्र कुमार विश्वकर्मा, विक्रांत कुमार, नवीन मिश्रा, सीसीएल के अमरेश कुमार (GM) और मोहसीन रज़ा (CD/CSR मैनेजर), सीनी संस्था से ओम प्रकाश शर्मा, अमरजीत मिश्रा, मों मुन्तजीर, हंस फाउंडेशन से शिशुपाल मेहता, विकास पांडे, तौसिफ आलम, और केयर सेंटर से योगिता बोरकर, सुमन पाल, अमृत राज व राहुल सिंह चौहान समेत मोबाइल मेडिकल टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
