आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, नक्सलवाद मुक्त और अपराधमुक्त झारखंड की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा राज्य।
Highlights:
- झारखंड पुलिस की जनवरी से सितंबर 2025 तक की मुख्य उपलब्धियों का ब्योरा जारी
- 32 नक्सली ढेर, जिनमें कई इनामी उग्रवादी शामिल
- 266 नक्सलियों की गिरफ्तारी, 30 ने आत्मसमर्पण किया
- 157 हथियार और 228 IED बरामद, 37 बंकर ध्वस्त
- नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को केंद्रीय सुरक्षा बलों का भी समर्थन
- झारखंड पुलिस की “अपराधमुक्त और नक्सलमुक्त राज्य” बनाने की मुहिम जारी
विस्तार:
रांची: झारखंड पुलिस ने नक्सलवाद और अपराध के खिलाफ अपनी सशक्त कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने सोमवार को रांची में प्रेसवार्ता कर बताया कि जनवरी से सितंबर 2025 के बीच पुलिस ने नक्सली गतिविधियों पर बड़ी सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में 32 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए, जिनमें कई इनामी उग्रवादी भी शामिल थे। वहीं 266 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 30 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आईजी ने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नक्सलियों के पास से 157 हथियार बरामद किए, 228 आईईडी बम को निष्क्रिय किया, और 37 नक्सली बंकरों को ध्वस्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने और अपराधमुक्त झारखंड बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है, जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बलों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
माइकल राज एस, आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता ने कहा
“झारखंड पुलिस नक्सलवाद के खात्मे के लिए मिशन मोड़ में काम कर रही है। इस साल बड़ी कामयाबी मिली है, कई इनामी नक्सली मारे गए हैं, सैकड़ों गिरफ्तार और कई ने आत्मसमर्पण किया है।”
