वालकैन एविएशन इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण ले रहे पीयूष की तकनीकी खराबी के कारण हुई हादसे में निधन, रांची में शोक की लहर
Highlights:
- रांची निवासी 20 वर्षीय पीयूष पुष्प की दक्षिण अफ्रीका में ट्रेनिंग के दौरान मौत
- ट्रेनिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी के कारण क्रैश
- पीयूष रांची स्थित जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के पूर्व छात्र
- भारतीय दूतावास ने पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की
- परिवार और शहर में गहरा शोक
विस्तार :
रांची: दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग से दुखद खबर आई है। रांची के अरगोड़ा कटहल मोड़, लाजपत नगर निवासी 20 वर्षीय पीयूष पुष्प की पायलट ट्रेनिंग के दौरान विमान क्रैश होने से मौत हो गई। पीयूष, जो वालकैन एविएशन इंस्टीट्यूट, जोहानसबर्ग में प्रशिक्षण ले रहे थे, विमान उड़ाते समय अचानक तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल पीयूष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पीयूष जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के पूर्व छात्र और शिक्षक टी. एन. साहू के पुत्र थे। परिवार और परिजन हादसे की खबर सुनकर स्तब्ध रह गए। बचपन से ही एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले पीयूष अपने सपनों को साकार करने के लिए दक्षिण अफ्रीका गए थे। भारतीय दूतावास ने पीयूष का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संभावना है कि कुछ ही दिनों में अंतिम संस्कार के लिए शव रांची लाया जाएगा। रांची में उनके परिवार और स्कूल-समुदाय में गहरा शोक छाया हुआ है।
पीयूष का सपना था पायलट बनना, उसने अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए दक्षिण अफ्रीका का रुख किया था। युवा पीयूष के आकस्मिक निधन से परिवार और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर फैल गई है।