गिरिडीह में बुधवार को चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य ईकाई से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिलेभर से स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिले की डीडीसी स्मृति कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. शेख मोहम्मद जफरुल्लाह, सांसद प्रतिनिधि गुड्डू यादव तथा जिला यक्ष्मा एवं कुष्ठ रोग पदाधिकारी डॉ. रेखा झा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजुर और जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। शुभारंभ अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की सशक्त भूमिका पर बल दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं में जागरूकता, पोषण की स्थिति सुधारना, नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा देना और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है। साथ ही स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज की मजबूती की आधारशिला होती है, इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाना इसका मूल उद्देश्य है।
अधिकारियों ने मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई।
पोषण, एनीमिया दूर करने और प्रसव पूर्व जांच को इस अभियान का अहम हिस्सा बताया गया।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
डीडीसी स्मृति कुमारी ने कहा कि महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना समय की जरूरत है क्योंकि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज का निर्माण कर सकती है। सांसद प्रतिनिधि गुड्डू यादव ने भी इस मौके पर केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी और जनता से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
मौके पर चैताडीह और आसपास की ग्रामीण महिलाओं की बड़ी संख्या देखी गई। स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।