Homeखबर स्तम्भआजसू की गिरिडीह जिला बैठक में सुदेश महतो का आह्वान – जनता...
आजसू की गिरिडीह जिला बैठक में सुदेश महतो का आह्वान – जनता से संवाद और संपर्क बढ़ाएं
पार्टी करेगी जनमुद्दों पर मुखर भूमिका, महिलाओं और पिछड़े वर्गों की भागीदारी पर दिया गया जोर
Highlights
-
गिरिडीह जिला कार्य समिति की बैठक में शामिल हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो
-
जनता से संपर्क और संवाद की गति बढ़ाने पर दिया गया जोर
-
आजसू ने महिला नेतृत्व और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प दोहराया
-
बैठक में राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया गया
-
संगठन को मजबूत करने और हर वर्ग तक पहुंच बनाने पर लिया गया निर्णय
गिरिडीह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता से संपर्क और संवाद की गति बढ़ानी होगी और जनमुद्दों पर मुखर होना होगा। तभी पार्टी जनता की समस्याओं का समाधान कर सशक्त भूमिका निभा सकेगी।
वे गिरिडीह जिला कार्य समिति की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
श्री महतो ने कहा कि आजसू पार्टी राज्य में एक सशक्त विपक्ष के रूप में ज्वलंत मुद्दों पर नेतृत्व करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्ममूल्यांकन करने और संगठन की मजबूती के लिए जुट जाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी जनता के साथ संवाद और संपर्क को और तेज करेगी तथा हर वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी। आजसू पार्टी ने महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। साथ ही, पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए ईमानदारी से संघर्ष करने का निश्चय भी किया गया।
बैठक को पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव संजय मेहता, कार्यकारी जिला अध्यक्ष कम्पु यादव, यशोदा देवी, नजरुल हसन हाशमी, काशीनाथ सिंह और छक्कन महतो समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
इस मौके पर अनुप पाण्डेय, केंद्रीय सचिव दिनेश राणा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष संजय साहु, जिला अध्यक्ष महिला संघ प्रियंका शर्मा, सहाबुद्दीन अंसारी, शंकर यादव, प्रकाश पंडित, गोकुल नारायण सिंह, राजेंद्र यादव, बीरेंद्र यादव, मनोज शर्मा, अनील कुमार, कालेश्वर दास, शंभुशरण सिंह, दिगम्बर महतो, दीपक पाण्डेय, धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और उत्साह के साथ संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।