Friday, September 19, 2025
Homeखबर स्तम्भआशीष भारद्वाज की मांग – चार रुपये वर्गफुट दर से लिया जाए...

आशीष भारद्वाज की मांग – चार रुपये वर्गफुट दर से लिया जाए किराया, “अब मनमानी नहीं चलेगी” – मंत्री सोनू ने निगम को दी चेतावनी

नगर निगम मनमानी बंद करे, चार रुपये वर्गफीट के दर से वसूले बाजार किराया – आशीष भारद्वाज

हाइलाइट्स

  • आशीष भारद्वाज बोले – निगम पदाधिकारी टेंडर मैनेजमेंट और दोहन में व्यस्त
  • झारखंड हाईकोर्ट और सरकार के आदेश के बावजूद 6 रुपये प्रति वर्गफीट से वसूला जा रहा किराया
  • व्यापारियों ने कहा – चुने प्रतिनिधि और निगम पदाधिकारी, दोनों ने ठगा
  • मंत्री ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया

रांची/मेदिनीनगर- शहर में नगर निगम की कार्यशैली को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अव्यवस्था, खराब नाली-गली और बाजार किराया वसूली को लेकर व्यापारी बार-बार आवाज उठा रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर युवा समाजसेवी आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में पलामू व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, सदस्य गौरीशंकर गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधियों ने गुरुवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से मुलाकात की और शहर की समस्याओं से अवगत कराया।

आशीष भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम के पदाधिकारी भूल चुके हैं कि उनका असली काम क्या है। शहर की नालियां और सड़कें जर्जर हालत में हैं, लेकिन निगम केवल टेंडर मैनेजमेंट और व्यापारियों से वसूली में जुटा हुआ है।

उन्होंने बताया कि 22 नवंबर 2022 को झारखंड सरकार के संयुक्त सचिव ने नगर आयुक्त मेदिनीनगर को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया था कि बाजार का किराया 4 रुपये प्रति वर्गफीट किया जाए। इसके बावजूद आज भी दुकानदारों से 6 रुपये प्रति वर्गफीट वसूला जा रहा है, जो हाईकोर्ट और सरकार के आदेश की अवमानना है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रवण गुप्ता ने कहा कि जब वे इस मुद्दे को लेकर सहायक नगर आयुक्त से मिले, तो उन्होंने सरकारी चिट्ठी को मानने से इनकार कर दिया। उल्टा यह कह दिया कि “शहर हमारा है, निगम की संपत्ति हमारे एसेट हैं और हम जो चाहेंगे वही किराया लेंगे।” इस व्यवहार से व्यापारी बेहद आहत हुए।

व्यापारियों का कहना है कि पहले चुने प्रतिनिधियों ने आदेश लागू नहीं कर धोखा दिया, अब निगम पदाधिकारी अव्यावहारिक रवैया दिखा रहे हैं।

आशीष भारद्वाज ने कहा – “हम अपने दुकानदार भाइयों को अकेला नहीं छोड़ सकते। यही हमारे शहर की रौनक हैं और हर परिस्थिति में हम उनकी लड़ाई लड़ेंगे।”

मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विभाग को तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular