Sunday, February 22, 2026
Homeक्राइमपलामू में टीएसपीसी नक्सलियों से मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक गंभीर

पलामू में टीएसपीसी नक्सलियों से मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक गंभीर

10 लाख के इनामी नक्सली कमांडर शशिकांत गंझू की तलाश में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़

हाइलाइट्स:

  • पुलिस और टीएसपीसी नक्सलियों के बीच देर रात 1 से 1:30 बजे तक गोलीबारी
  • शहीद जवानों की पहचान संतन कुमार और सुनील राम के रूप में हुई
  • एक जवान पलामू एएसपी अभियान का अंगरक्षक था
  • घायल जवान की हालत गंभीर, इलाज जारी
  • टीएसपीसी का जोनल कमांडर शशिकांत गंझू पर 10 लाख का इनाम

विस्तार:

झारखंड के पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज डालटनगंज स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर शशिकांत गंझू करमा पर्व पर अपने गांव केदल आने वाला है। इसी आधार पर पुलिस ने विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।

जैसे ही पुलिस टीम गांव के पास पहुंची, नक्सलियों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो जवानों को मृत घोषित कर दिया।

शहीद जवानों को श्रद्धांजलि

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घायल जवान के इलाज की हर संभव व्यवस्था की गई है।

इलाके में सर्च अभियान तेज

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शशिकांत गंझू और उसका दस्ता लंबे समय से पलामू-चतरा क्षेत्र में सक्रिय है। मुठभेड़ के बाद इलाके को घेर लिया गया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। आस-पास के गांवों में भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।

नौशाद आलम, डीआईजी, पलामू रेंज ने कहा

 “सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें हमारे दो जवान शहीद हुए और एक घायल है। नक्सलियों की धरपकड़ के लिए इलाके में अभियान जारी है।”

RELATED ARTICLES

Most Popular