Homeखबर स्तम्भउपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने हेमंत सोरेन से मांगा...
उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने हेमंत सोरेन से मांगा समर्थन
रांची पहुंचे इंडी गठबंधन के उम्मीदवार, मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं संग की बैठक
हाइलाइट्स:
-
उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडी गठबंधन ने बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया उम्मीदवार
-
समर्थन जुटाने के लिए रांची पहुंचे रेड्डी, सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात
-
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलेश महतो, प्रदीप यादव, महुआ मांझी समेत कई नेता मौजूद रहे
-
हेमंत सोरेन ने कहा— झारखंड में गठबंधन की सरकार, चुनाव में सकारात्मक नतीजों की उम्मीद
-
रेड्डी ने दिवंगत शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, हेमंत सोरेन के जेल प्रकरण पर BJP को ठहराया जिम्मेदार
-
सभी दलों से समर्थन की अपील, बोले— लोकतंत्र तभी मजबूत जब अन्याय का जवाब मिले
रांची : देश के उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में इंडी गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलेश महतो, कांग्रेस प्रभारी के. राजू, राज्यसभा सांसद रघुराम रेड्डी, कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, सांसद जोभा मांझी और कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत समेत कई नेता मौजूद रहे।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में इंडी गठबंधन की सरकार है और झामुमो चुनाव में सकारात्मक परिणाम के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव से पहले गठबंधन दलों की बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने मुलाकात के दौरान दिवंगत नेता शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्याय और जवाबदेही बेहद जरूरी है। रेड्डी ने इशारों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “हेमंत सोरेन को सताया गया, एक मुख्यमंत्री को जेल भेजने की साजिश लोकतंत्र पर हमला है।”
रेड्डी ने कहा कि अगर इन सवालों का जवाब नहीं मिलता तो लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। उन्होंने न सिर्फ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बल्कि अन्य राजनीतिक दलों से भी उपराष्ट्रपति चुनाव में समर्थन की अपील की।