Thursday, October 16, 2025
Homeखबर स्तम्भझारखंड के मंत्री हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ी, पारस अस्पताल में भर्ती

झारखंड के मंत्री हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ी, पारस अस्पताल में भर्ती

हार्ट सर्जरी के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत, 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे मंत्री

हाइलाइट्स

  • अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह मधुपुर विधायक हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ी
  • रांची के पारस अस्पताल में कराया गया भर्ती
  • पिछले माह मेदांता, गुड़गांव में हुई थी हार्ट सर्जरी
  • डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे अगले 24 घंटे
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री अस्पताल पहुंचे

 विस्तार

रांची, 28 अगस्त।
झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह मधुपुर विधायक हफीजुल हसन की तबीयत गुरुवार सुबह अचानक बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार उनकी हालत शुरू में गंभीर बताई गई थी, हालांकि फिलहाल वह पूरी तरह स्थिर हैं।

बताया जा रहा है कि रातभर एसी में सोने से कफ जम गया और ब्लड प्रेशर लो हो गया, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ी। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उन्हें निमोनिया हो सकता है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें अगले 24 घंटे निगरानी में रखने का फैसला किया है, जिसके बाद तय किया जाएगा कि उन्हें आगे इलाज के लिए दिल्ली रेफर करना है या नहीं।

मालूम हो कि पिछले माह जुलाई में ही हफीजुल हसन की दिल्ली के मेदांता अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। सफल सर्जरी के बाद वह रांची लौट आए थे और डॉक्टरों की सलाह पर बेड रेस्ट पर थे।

जैसे ही उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर फैली, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तुरंत अस्पताल पहुंचे। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधायक शिल्पी नेहा तिर्की और मंत्री संजय यादव समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और मंत्री का हालचाल लिया।

झारखंड विधानसभा में जारी मानसून पूरक सत्र के बीच यह खबर सामने आने से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular