हिंदी साहित्य भारती की केंद्रीय निर्णायक समिति ने सर्वसम्मति से अजय राय को झारखंड प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया। संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद।
हाइलाइट्स
- अजय राय को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का केंद्रीय समिति ने लिया निर्णय
- डॉ. रविन्द्र शुक्ल ने दी शुभकामनाएँ, कहा – “नई ऊँचाइयाँ छुएगा झारखंड”
- नवनियुक्त अध्यक्ष बोले – “युवाओं में हिंदी के प्रति आकर्षण बढ़ाना प्राथमिकता”
- राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा – “यह झारखंड के साहित्यिक जगत की बड़ी उपलब्धि”
- साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने दी बधाई, खुशी का माहौल
विस्तार
रांची, 26 अगस्त 2025।
हिंदी साहित्य भारती की केंद्रीय निर्णायक समिति ने सर्वसम्मति से अजय राय को झारखंड प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया है। यह निर्णय हिंदी भाषा और साहित्य को समाज की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती देने के उद्देश्य से लिया गया है।
केंद्रीय (अंतरराष्ट्रीय) अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र शुक्ल ने अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “अजय राय जैसे ऊर्जावान और समर्पित व्यक्तित्व के नेतृत्व में झारखंड प्रदेश और अधिक सक्रिय होगा तथा हिंदी साहित्य के प्रसार-प्रचार को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।”
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “वे झारखंड की समृद्ध साहित्यिक और लोक-संस्कृति को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने का हर संभव प्रयास करेंगे। उनकी प्राथमिकता युवाओं में हिंदी भाषा के प्रति आकर्षण बढ़ाना और साहित्यिक गतिविधियों को गाँव-गाँव तक पहुँचाना होगी।”
गौरतलब है कि हिंदी साहित्य भारती लंबे समय से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक गोष्ठियाँ, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी भाषा-संस्कृति को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
इस नियुक्ति पर राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने भी अजय राय को बधाई देते हुए कहा कि “यह न केवल संस्था के लिए गौरव का विषय है बल्कि झारखंड प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।”
अजय राय के अध्यक्ष बनने पर डॉ. अरुण सज्जन, राकेश कुमार, संजय सराफ, संजीव दत्ता, अभय पांडेय, राजेश कुमार, संजीत कुमार, देवानंद राय, आलोक झा, बीर बहादुर सिंह, रमेश साहू, अनिकेत सिंह, मुकेश साहू, अमित कश्यप सहित अनेक साहित्यप्रेमियों ने बधाई दी।