रांची में बस से दो करोड़ के जाली नोट बरामद, पुलिस ने किया बड़े सिंडिकेट का खुलासा
सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से बरामदगी, दो आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी को मिली थी गुप्त सूचना
______________
Highlights
• रांची पुलिस ने बस से बरामद किए दो करोड़ के जाली नोट
• बस के तीन बक्सों से मिली नकली नोटों की बड़ी खेप
• पटना से रांची आ रही बस पर हुई कार्रवाई
• दो व्यक्तियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
• DIG सह SSP चंदन सिन्हा के निर्देश पर हुई छापेमारी
______________
विस्तार
रांची: राजधानी रांची पुलिस ने नकली नोट कारोबार के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट बस स्टैंड से एक बस के अंदर रखे तीन बक्सों से लगभग दो करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
DIG सह SSP चंदन सिन्हा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना मिली थी कि पटना से आने वाली एक बस में बड़ी मात्रा में जाली नोट लाए जा रहे हैं। इस पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
शनिवार सुबह टीम ने बस स्टैंड में छापेमारी की और पटना से आई एक बस की तलाशी ली। इसी दौरान बस में रखे तीन बक्सों से नकली नोटों की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद नोटों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीएसपी प्रकाश सोए ने कहा:
“गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में लगभग दो करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। दो लोगों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ जारी है।”